
पत्रकारों के हितों के प्रति संवेदनशील है सरकार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। चमोली और टिहरी जनपदों के पत्रकारों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर क्षेत्रीय पत्रकारों की समस्याओं और लंबित विषयों को उनके समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुना और सभी विषयों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
वार्ता एक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में हुई, जिसमें मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकार समाज की आवाज़ हैं और सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है।”
इस दौरान चमोली जिले के वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह गुसाईं ने मुख्यमंत्री के समक्ष दैवीय आपदा में नंदानगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए प्रभावित लोगों की बची हुई परिसंपत्तियों के रखरखाव की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इस पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
वहीं टिहरी श्रमजीवी पत्रकार यूनियन और टिहरी प्रेस क्लब की ओर से दिवंगत पत्रकार शिवानंद पांडे के परिवार को अनुमन्य सहायता प्रदान करने का विषय उठाया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल में
स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के महामंत्री विश्वजीत सिंह नेगी,
महिपाल सिंह गुसाईं, शशि भूषण भट्ट, गोविंद पुंडीर, धीर सिंह बिष्ट, और दिनेश शास्त्री आदि शामिल रहे।

