बनबसा में CM धामी का ‘युवा संवाद’, युवाओं के सवालों का दिया बेबाक जवाब

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय चंपावत दौरे पर बनबसा पहुंचे। जहां उन्होंने ‘युवा संवाद एवं सम्मान समारोह’ में ने युवाओं से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री युवाओं के सवालों का बेबाक जवाब देते हुए नजर आए। इस दौरान उन्होंने नकल विरोधी कानून, यूसीसी, नशा मुक्ति अभियान, रोजगार, स्वरोजगार, युवा आयोग और विकसित भारत-2047 जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

सीएम ने किया युवाओं से संवाद

युवा संवाद के दौरान छात्रा मिलन कलखुड़िया ने मुख्यमंत्री से उनके जीवन सफर को लेकर सवाल किया। सीएम ने अपनी शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से निभाकर महान बनता है। सीएम ने अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि बूथ स्तर से लेकर महाविद्यालयों और सड़कों तक कार्यकर्ता के रूप में किया गया संघर्ष और अनुशासन ही उनके जीवन की बड़ी पूंजी रहा है।

नकल विरोधी कानून पर CM का बड़ा संदेश

छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए टनकपुर में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने का अनुरोध किया। सीएम ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने के लिए उचित प्रयास किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है और अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं।

‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ का संकल्प

छात्र रोहित शर्मा ने मुख्यमंत्री से नशे के खिलाफ संदेश को लेकर सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान का जिक्र करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवा शक्ति की सबसे बड़ी भूमिका होगी।

चंपावत में साइंस सेंटर और विकास

छात्र सुमित सिंह नायक ने यूसीसी, नकल विरोधी कानून और अवस्थापना विकास को लेकर सवाल किया। सीएम ने बताया कि चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

युवा आयोग को लेकर CM का बड़ा ऐलान

छात्र नमन पुरी ने युवा आयोग को लेकर सवाल किया। सीएम ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है, जो युवाओं को सही दिशा, मार्गदर्शन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।

पहाड़ी भाषा में CM का संवाद

युवा संवाद का सबसे खास पल उस वक्त देखने को मिला, जब छात्र अंकित भट्ट ने मुख्यमंत्री से पहाड़ी भाषा में संवाद किया। सीएम ने भी पहाड़ी भाषा में जवाब देकर युवाओं से स्थानीय जुड़ाव का संदेश दिया।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.