राहुल गांधी पर भड़का भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, उत्तराखंड के सभी जिलों में प्रदर्शन

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने राहुल गांधी के झूठे जातिवादी बयानों के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में उनका पुतला दहन किया है। मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस, देश दुनिया में देवभूमि को बदनाम कर उसकी छवि खराब करने का पाप कर रहे हैं।

प्रदेशभर में BJP का प्रदर्शन

भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य के सभी जिलों में यह विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया। घुनियाल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देवभूमि उत्तराखंड के नागरिकों और भाजपा पर भ्रामक और झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। साथ ही उत्तराखंडवासियों को जातिवादी बताकर देश-दुनिया में बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सैनिक बहुल उत्तराखंड की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। यह वह राज्य है, जिसके वीर जवान देश की आन, बान और शान के लिए सदैव समर्पित रहे हैं तथा अनेक वीरों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

राजनीतिक लाभ के लिए षड्यंत्र रच रही कांग्रेस: BJP

घुनियाल ने कहा कि राहुल गांधी के कथित षड्यंत्रपूर्ण और असत्य बयानों का मुंहतोड़ जवाब देने और उत्तराखंड की अस्मिता और गरिमा की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया गया है। BJP ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को राजनीतिक लाभ के लिए उत्तराखंड की सामाजिक संरचना और प्रदेशवासियों की भावनाओं को लेकर भ्रामक प्रचार करने से बचना चाहिए। जबकि श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कार्यक्रम के पीछे किसी भी प्रकार की दलित विरोधी भावना नहीं थी। संस्था के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में लगाए गए कथित इस्लामिक नारों और कथित हिंदू विरोधी तत्वों की मौजूदगी के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.