उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच हुए विवाद के बाद अब 210 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति का मामला भी तूल पकड़ने लगा है। गिरधारी लाल साहू की ओर से मंत्री पर कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए जाने के बाद अब इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठी है।
मंत्री की 210 करोड़ की कथित संपत्ति पर उठे सवाल
मंत्री रेखा आर्य की तहरीर के बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने मंत्री के पास लगभग 210 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति होने का आरोप लगाया। अब इन आरोपों को लेकर अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री की ओर से सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठी है।
शिकायत में क्षेत्री ने मांग की है कि संबंधित व्यक्तियों की चल और अचल संपत्तियों के साथ उनकी आय के ज्ञात एवं वैध स्रोतों की जांच की जाए। इसके अलावा निवेश, बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), शेयरों, कंपनियों और अन्य वित्तीय हितों से जुड़े रिकॉर्ड का भी नियमानुसार परीक्षण किया जाए।
संपत्ति से लेकर आय के स्रोतों तक जांच की मांग
शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि संबंधित संपत्तियां वैध आय के स्रोतों से अर्जित की गई हैं या नहीं। साथ ही, जहां कानून के तहत संपत्ति या वित्तीय हितों का विवरण देना आवश्यक हो, वहां संबंधित घोषणाओं और अभिलेखों की भी पड़ताल की जानी चाहिए।
शिकायत में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि जांच केवल सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों तक सीमित न रहे, बल्कि उपलब्ध दस्तावेजों और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराने की मांग की है, ताकि जांच की निष्पक्षता बनी रहे और किसी तरह के अनुचित दबाव या पक्षपात की आशंका न हो।
घरेलू विवाद के बीच संपत्ति के आरोपों ने बढ़ाई चर्चा
बता दें कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपनी पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान को खतरा होने जैसे आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही थी। दूसरी ओर, गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मंत्री पर कथित अवैध संपत्ति और विभागीय अनियमितताओं से जुड़े आरोप लगाए। रेखा आर्य ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए जांच के लिए तैयार होने की बात कही है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








