गिरधारी लाल साहू तहरीर वापस लेने का बना रहे दबाव, रेखा आर्या बोलीं- आरोपों की जांच के लिए तैयार हूं

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच शुरू विवाद ने अब सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। पति गिरधारी लाल साहू द्वारा 210 करोड़ की अवैध संपत्ति और महिला एवं बाल विकास विभाग में अनियमितता के आरोप लगाए जाने के बाद मंत्री ने अस्पताल से ही अपना पक्ष रखा है।

तहरीर वापस लेने का दबाव बना रहे पति: रेखा आर्या

रेखा आर्या ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उनके पति गिरधारी लाल साहू उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। मंत्री के मुताबिक, उनसे कहा जा रहा है कि यदि वह तहरीर वापस ले लेती हैं, तो सारे आरोप खत्म हो जाएंगे। मंत्री ने इस कथित दबाव को लेकर सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने जो कदम उठाया है, वह सोच-समझकर उठाया है।

ये है मामला

हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करने के बाद रेखा आर्या ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने पति पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान को खतरा होने जैसे गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने अपने पति की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह पिछले काफी समय से प्रताड़ना झेल रही थीं, लेकिन आखिर कब तक चुप रहतीं।

विभागीय अनियमितताओं के आरोपों पर दिया जवाब

विवाद के बीच गिरधारी लाल साहू की ओर से रेखा आर्या पर करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति जुटाने और महिला एवं बाल विकास विभाग में अनियमितताओं के आरोप लगाए जाने की बात भी सामने आई है। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने इन्हें निराधार बताया है। मंत्री ने कहा कि वह पिछले 10 सालों से सार्वजनिक जीवन में हैं और उनके विभाग में पारदर्शी व्यवस्था है। मंत्री ने कहा कि यदि किसी को उनके कामकाज या संपत्ति को लेकर कोई संदेह है, तो उसकी जांच कराई जा सकती है। वह जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.