उत्तराखंड का खेल महाकुम्भ-2026 संपन्न, देहरादून बना मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप का विजेता

देहरादून जिले ने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। राजधानी देहरादून के ननूरखेड़ा स्थित मिनी स्टेडियम में रविवार को खेल महाकुम्भ-2026 और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का भव्य समापन समारोह बेहद उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस शाआयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम में खेल प्रेमियों और युवाओं का गजब का जोश देखने को मिला।

देहरादून जनपद बना चैम्पियनशिप का सिरमौर

समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का परिणाम रहा, जिसमें देहरादून जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता देहरादून जनपद की टीम को चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ-साथ 5 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। इसके अलावा, समारोह के दौरान पारंपरिक मलखम्ब और आर्टिस्टिक योग की बेहद मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें देखकर वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए। मुख्यमंत्री ने सभी विजेता और भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

साढ़े तीन लाख से ज्यादा खिलाड़ी शामिल

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल के खेल महाकुंभ ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 01 सितंबर को चम्पावत के टनकपुर से शुरू हुई यह खेल यात्रा न्याय पंचायत, विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों से होती हुई राज्य स्तर तक पहुंची। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले साल जहां इस महाकुंभ में लगभग 2 लाख 20 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, वहीं इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 3 लाख 35 हजार से अधिक पहुंच गया है। यह इस बात का सबूत है कि उत्तराखंड में खेल अब एक बड़े ‘जन-आंदोलन’ का रूप ले चुके हैं। इस वर्ष मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 तरह की प्रतियोगिताएं राज्य की 662 न्याय पंचायतों और सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की गईं, जिसमें सांसदों और विधायकों समेत तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

पैसों की कोई कमी नहीं, सीधे बैंक खाते में आ रही है पुरस्कार राशि

खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य का कोई भी प्रतिभावान युवा पैसों या संसाधनों के अभाव में पीछे न छूटे। न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इस साल लगभग 11 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने एक और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले योग्य खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का भी प्रावधान किया है।

नया पोर्टल लॉन्च और खेल सुविधाओं का विस्तार

युवाओं को डिजिटल और आधुनिक सुविधाएं देने के लिए मुख्यमंत्री ने इस मौके पर meroyuva.in पोर्टल का भी आधिकारिक विमोचन किया। कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्य ने भी शिरकत की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खिलाड़ियों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ और ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’ के जरिए बच्चों को स्कॉलरशिप और खेलकूद के उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है। इसके अलावा, लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है और राज्य में जल्द ही खेल विश्वविद्यालय व आधुनिक खेल अकादमियों का निर्माण भी किया जाएगा।

हार से निराश न हों, प्रधानमंत्री मोदी से मिल रही है प्रेरणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनसे देश के युवाओं में खेलों के प्रति एक नई चेतना जागी है। पिछले साल उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में यहां के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया था। जो खिलाड़ी इस बार मेडल नहीं जीत पाए, उन्हें ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हार और जीत खेल का एक अहम हिस्सा हैं। खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ अगली बार मैदान में उतरना चाहिए। सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल व कुन्दन सिंह लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा और निदेशक दीप्ति सिंह सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.