रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ NBW वारंट जारी, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश तेज

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी कार्रवाई के अगले चरण में पहुंच गया है. रेखा आर्य की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) हासिल कर लिया है। वारंट जारी होने के बाद अब पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

नोटिस के बाद भी पुलिस के सामने पेश नहीं हुए साहू

जानकारी के मुताबिक, एसआईटी की ओर से गिरधारी लाल साहू को पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वह जांच में शामिल होने के लिए पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। इसके बाद जांच टीम ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। एसआईटी प्रमुख जया बलूनी के अनुसार, साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं और संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।

15 अक्टूबर को रेखा आर्य ने दर्ज कराया था मुकदमा

इस पूरे मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर 2026 को हुई थी, जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया था।

कंपनियों के दस्तावेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी जांच के दायरे में

एसआईटी इस मामले में केवल शिकायत में लगाए गए आरोपों की ही नहीं, बल्कि कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान पांच कंपनियों से जुड़े कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी सामने आई थी। बताया गया कि इन दस्तावेजों को रेखा आर्य को दिखाया गया, लेकिन उन्होंने इन्हें सही मानने से इनकार किया था। वहीं, मामले से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

अग्रिम जमानत याचिका भी हो चुकी है खारिज

गिरधारी लाल साहू को इस मामले में पहले भी कानूनी झटका लग चुका है। 18 अक्टूबर को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने की खबर सामने आई थी। अब गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। फिलहाल एसआईटी की टीमें गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.