राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत गढ़वाली भाषा की फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र लॉन्च हो गया है। टीजर दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में हुआ। कार्यक्रम के अध्यक्ष गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि फिल्में आधुनिक समय का सबसे सशक्त माध्यम हैं। क्षेत्रीय भाषाओं का सिनेमा जहां क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण एवं विकास में सहायक होता है, वहीं उस क्षेत्र की कला, संस्कृति, नृत्य-गीत, वस्त्र-आभूषण, पर्यटन एवं तीर्थाटन को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी समर्थ होता है।
गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीज़र हुआ लॉन्च
उन्होंने गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में पहली बार ‘ढोली’ फिल्म को नेशनल अवॉर्ड मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय भाषा, यहाँ की लोककला और संस्कृति का सम्मान है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस फिल्म के माध्यम से ढोल वादकों की महत्ता, उनके संघर्षों, सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज में चेतना जागृत होगी।
ढोल हमारी सांस्कृतिक पहचान
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. के.पी. जोशी ने कहा कि ढोल हमारी सांस्कृतिक पहचान है। ये वाद्ययंत्र हमारी संस्कृति का केंद्र बिंदु है। लेकिन हमारे समाज ने इसकी उपेक्षा की है। इस कला को संरक्षण मिलना चाहिए और ढोल वादकों को उचित पारिश्रमिक और समाज में उचित सम्मान दिया जाना चाहिए।
फिल्म ‘ढोली’ 72वां नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित
मालूम हो कि गढ़वाली भाषा की फिल्म ‘ढोली’ को प्रतिष्ठित 72वां नेशनल अवॉर्ड मिला है। गढ़वाली सिनेमा के 43 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म को ये अवॉर्ड प्राप्त हुआ।
27 नवंबर से सिनेमाघरों में होगी रिलीज
इस फिल्म के निर्माता सुनील नायक और निर्देशन हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने किया है। संगीत गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी ने दिया है तथा इसकी कहानी और गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं। ये फिल्म आगामी 27 नवंबर से सिनेमा घरों में दिखाई जाएगी।
फिल्म जगत से जुड़े कलाकार रहे मौजूद
इस अवसर पर फिल्म जगत से जुड़े सुनील बडोनी, आलोक मलासी, दिनेश बौड़ाई, रमेश रावत, भानु जोशी, सचिन रावत, साहित्यकार बीना बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद डिमरी, डी. के. पाण्डे, पंकज नैथानी आदि उपस्थित रहे। फिल्म के कलाकारों में मोहित घिल्डियाल, जसपाल राणा, सोनिया नौडियाल गैरोला, रमेश नौडियाल, अतुल रावत, सुनील सिंह, तन्मय लोहानी भी मौजूद रहे ।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








