उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने का ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं की जिप्सियों का पंजीकरण और कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कॉर्बेट में महिलाओं को मिलेगा जिप्सियों के जरिए रोजगार
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सबसे बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को स्वरोजगार और आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर दिए जाएंगे। इसके तहत पार्क क्षेत्र में महिलाओं की 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बड़े फैसले से स्थानीय महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी और वे पर्यटन क्षेत्र से सीधे जुड़ सकेंगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र के विकास के लिए पांच अन्य बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा। कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 नए विद्युत पोल लगाए जाएंगे ताकि बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो सके। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में नई सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए कालाढूंगी में एक आधुनिक मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
22 महिलाओं को किया गया सम्मानित
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार और समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की सफलता पूरे समाज के लिए एक मिसाल है। यह सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं है, बल्कि मातृशक्ति के त्याग, संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को सलाम करने का मंच है।
पहाड़ की महिलाओं का हौसला हिमालय से भी मजबूत
अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने अपनी मां को सीमित संसाधनों और तमाम मुश्किलों के बीच परिवार संभालते देखा है। पहाड़ की मातृशक्ति का हौसला और जज्बा हिमालय जितना ही मजबूत और अडिग है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी यहां की महिलाएं खेती, पशुपालन और घर-परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए प्रदेश की तरक्की में अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की महिला कल्याण योजनाओं का भी जिक्र किया। इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. समेत तमाम गणमान्य लोग और भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








