छठ महापर्व की धूम देहरादून से लेकर हरिद्वार तक देखने को मिल रही है। सोमवार सुबह होते ही छठी मैया के गीतों से घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और डलिया लिए व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन भी छठ के रंग में नजर आए।
व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
देहरादून से लेकर हरिद्वार में छठ महा पर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर व्रती सुबह होने से पहले ही पहुंच गए। यहां श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर पूजा-अर्चना की और उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
छठ के रंग में रंगे नजर आए CS आनन्द बर्द्धन
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन भी छठ के रंग में रंगे नजर आए। बीते रविवार को उन्होंने अपनी पत्नी के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। साथ ही उन्होंने छठ पूजा के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी ।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








