“जिसकी सांसें आज भी एक अनसुलझी पहेली बनी हुई हैं, उसकी गैरमौजूदगी में उसके अपने ही घर को लूटने का सनसनीखेज खेल खेला जा रहा है।” यह दर्द किसी और का नहीं, बल्कि देहरादून के धामावाला बाजार में रहने वाली डिंपल बोबल का है। एक ऐसी पत्नी का, जिसने अपने पति के लापता होने के बाद जिस शख्स को ‘भाई’ मानकर अपनी जिंदगी और घर की चाबियां सौंपीं, उसी तथाकथित भाई ने उनकी लाचारी का फायदा उठाकर करोड़ों की जमीनें और आभूषण हड़पने की ऐसी खौफनाक पटकथा लिख डाली कि सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं।
पति के हादसे में लापता होने से शुरू हुई कहानी
यह पूरी दास्तान शुरू होती है 22 जून 2022 को। डिंपल के पति अमित बोबल ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला के पास गंगा नदी के तेज बहाव में लापता हो गए थे। लाख कोशिशों के बाद भी उनका आज तक कोई सुराग नहीं मिला। लक्ष्मण झूला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। घर का मुखिया लापता हो, दो मासूम बच्चों की जिम्मेदारी सिर पर हो और ऊपर से दुनिया भर की चिंता—ऐसी टूटी हुई और मानसिक रूप से कमजोर हालत में डिंपल के जीवन में एंट्री होती है राजेश डोडी की। राजेश, अमित का व्यापारिक परिचित था। उसने परिवार के ‘शुभचिंतक’ और ‘धर्म के भाई’ का मुखौटा पहनकर डिंपल का भरोसा जीत लिया। उसने कहा, “बहन, चिंता मत करो, मैं तुम्हारे साथ हूं। घर के सारे कागजात और कीमती सामान मेरे पास सुरक्षित रख दो।”
भरोसे का कत्ल और कोरे कागजों पर अंगूठे के निशान
डिंपल का आरोप है कि इस मीठे जहर भरे भरोसे में आकर उन्होंने राजेश को अपने घर के सारे मूल दस्तावेज, नगदी, सोने-चांदी के गहने और हस्ताक्षरित बैंक चेक सौंप दिए। इतना ही नहीं, राजेश ने कोरे कागजों और खाली स्टाम्प पेपरों पर उनके जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी करवा लिए। जब 6 महीने पहले डिंपल ने अपनी जमापूंजी और दस्तावेज वापस मांगे, तो उस तथाकथित ‘भाई’ का असली चेहरा सामने आ गया। आरोप है कि राजेश ने गालियां दीं, घर में बंदूक होने की धमकी दी और डिंपल व उनके बच्चों को जान से मारने की चेतावनी दे डाली। बात यहीं खत्म नहीं हुई; आरोप है कि पुलिस थानों में उल्टे फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजने का खौफ दिखाया गया, ताकि वे डरकर मुंह बंद रखें।
फर्जीवाड़े का ऐसा जाल कि पैरों तले जमीन खिसक जाए
असली खेल तो तब सामने आया जब डिंपल ने अदालतों और थानों के चक्कर काटने शुरू किए। उन्हें पता चला कि उनके लापता पति अमित बोबल के नाम पर बालावाला और ग्राम द्वारा (रायपुर क्षेत्र) में मौजूद बेशकीमती जमीनों के फर्जी विक्रय पत्र (Sale Deed) और बंधक पत्र (Mortgage Deed) तैयार करवा लिए गए हैं। हद तो तब हो गई जब इन कागजों में लापता अमित के फर्जी हस्ताक्षर दिखाए गए और डिंपल को खुद उसमें गवाह बना दिया गया! यानी जिस शख्स को दुनिया छोड़े हुए साल बीत चुके हैं, वह कागजों में अपनी जमीन बेच भी रहा है और बंधक भी रख रहा है।
अब इंसाफ की गुहार, उठी जोरदार आवाज
11 सितंबर 2026 को रायपुर थाने में शिकायत देने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई और सिविल कोर्ट से केविएट की कॉपी मिली, तब जाकर इस बड़े फर्जीवाड़े की परतें खुलीं। इस मामले में अब सोशल एक्टिविस्ट सुजाता पॉल और अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री भी पीड़िता के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। प्रेस वार्ता में सुजाता पॉल ने पुलिस की कार्यप्रणाली और रजिस्ट्री कार्यालयों में इस तरह के फर्जी दस्तावेज पास होने पर कड़े सवाल उठाए हैं। वहीं, वकील पंकज सिंह क्षेत्री ने दो टूक कहा है कि अगर रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे, तो संविधान की मर्यादा तार-तार हो जाएगी। पुलिस को तुरंत आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करनी चाहिए।
राजेश डोडी और उसके साथियों पर तुरंत FIR दर्ज करने की मांग
अब पीडि़ता की मांग है कि राजेश डोडी और उसके साथियों पर तुरंत आपराधिक मुकदमा (FIR) दर्ज हो। दस्तावेजों पर किए गए हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच हो। लूटे गए गहने, नकदी और मूल दस्तावेज बरामद किए जाएं। बालावाला और द्वारा की जमीनों को खुर्द-बुर्द होने से तुरंत रोका जाए। पीड़िता और उनके बच्चों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए। आज डिंपल बोबल का यह दर्द चीख-चीख कर कह रहा है कि अपनों के बिछड़ने का गम तो अपनी जगह है ही, लेकिन अपनों के ही नाम पर अपनों द्वारा की गई यह ठगी समाज के हर इंसान को सोचने पर मजबूर कर रही है—आखिर इंसानियत किस मोड़ पर आ गई है?
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








