उत्तरकाशी अग्निकांड: पवाणी गांव में 30 से ज्यादा मकान जलकर खाक, CM ने जताया दुख

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में बीते मंगलवार को शाम करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि करीब 5 घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया।

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में 30 से ज्यादा मकान जलकर खाक

अग्निकांड में 30 से ज्यादा मकान जलकर खाक हो गए। जबकि 58 से अधिक परिवार प्रभावित होने की खबर है। गनीमत ये रही कि कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। हालांकि, आग बुझाने के दौरान एक शख्स घायल हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक आग के दौरान 5-6 गैस सिलेंडर फट गए जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। करीब रात 9 बजे आग पर काबू पाया गया।

Advertisement

सीएम धामी ने जताया हादसे पर दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

सीएम ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने दिए नुकसान का शीघ्र आकलन करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक राहत सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.