UKPSC ने जारी किया संशोधित Exam कैलेंडर: PCS Prelim 29 नवंबर को, जानें अन्य Exams की Dates

उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं को लेकर संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार पाण्डेय की ओर से पत्रांक 128/2026-27 के तहत 23 नवंबर, 2026 को यह संशोधित कार्यक्रम सार्वजनिक किया गया है, जिसमें नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक प्रस्तावित 11 प्रमुख परीक्षाओं का विवरण शामिल है। संशोधित कैलेंडर के सामने आते ही प्रदेश भर के प्रतियोगी छात्रों ने अपनी तैयारी की रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

जारी कैलेंडर के अनुसार सबसे नजदीक उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा है, जो 29 नवंबर, 2026 (रविवार) को प्रस्तावित है। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता राजकीय इण्टर कॉलेज परीक्षा-2025 (कला) की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) 06 दिसंबर, 2026 (रविवार) को होगी। वहीं, उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा 27 दिसंबर, 2026 को रविवार के दिन आयोजित की जानी प्रस्तावित है।

Advertisement

नए साल 2027 की शुरुआत भी कई अहम परीक्षाओं के साथ होगी। माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल (अधिष्ठान अनुभाग) में वैयक्तिक सहायक-2025 की परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार एवं लिखित/परम्परागत प्रकार) 06 जनवरी, 2027 (बुधवार) को प्रस्तावित है। इसके बाद प्रवक्ता राजकीय इण्टर कॉलेज परीक्षा-2025 (गृह विज्ञान) की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) 30 जनवरी, 2027 (शनिवार) को निर्धारित की गई है।

अप्रैल से जुलाई 2027 के बीच तकनीकी, प्रशासनिक और विभागीय पदों के लिए कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। कैलेंडर के विवरण के मुताबिक प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:

  • 25 अप्रैल, 2027 (रविवार): शहरी विकास विभाग के तहत कर एवं राजस्व निरीक्षक की लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार)।
  • 01 एवं 02 मई, 2027 (शनिवार एवं रविवार): पशुपालन विभाग में पशु चिकित्साधिकारी की लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार)।
  • 08 मई से 14 मई, 2027 तक (शनिवार से शुक्रवार): ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल व ऊर्जा विभाग व अन्य के अंतर्गत सहायक अभियंता (सिविल/यांत्रिक/विद्युत/कृषि/आई0टी0) की मुख्य परीक्षा।
  • 30 मई, 2027 (रविवार): उत्तराखण्ड सचिवालय एवं उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के लिए समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 (स्क्रीनिंग/प्रारंभिक)।
  • 06 जून, 2027 (रविवार): सचिवालय प्रशासन के अंतर्गत समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 (स्क्रीनिंग/प्रारंभिक)।
  • 26 जून से 01 जुलाई, 2027 तक (शनिवार से बृहस्पतिवार): लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि व ऊर्जा विभाग व अन्य में कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई सभी तिथियां संभावित हैं और प्रशासनिक या अन्य कारणों से परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और किसी भी संभावित बदलाव से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए आयोग के आधिकारिक माध्यमों पर नजर बनाए रखें।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.