रणबीर कपूर की रामायण ने रचा इतिहास, वर्ल्डवाइड कमाई में पुष्पा 2 को पछाड़ा

फिल्म 'रामायण' का दुनियाभर मे डंका बज रहा है. बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर की ये फिल्म लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. इसने कई बड़ी फिल्मों की कमाई को पछाड़ दिया है. अब रामायण की 21वें दिन की कमाई से इतिहास रच दिया है. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ने अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर मूवी 'पुष्पा 2' को पछाड़ा है. 'रामायण' वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इंडियन फिल्मों की लिस्ट में टॉप-4 पर काबिज है.

पुष्पा 2 को रामायण ने दी पटखनी
Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, नितेश तिवारी की फिल्म ने 21वें दिन भारत में 9.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. वहीं, ओवरसीज मार्केट में मूवी ने सेम दिन 6 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इंडिया में रामायण की नेट कमाई 982.55 करोड़ हो गई है. वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 1,173.60 करोड़ हो चुका है. फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,755.60 करोड़ है. इस जादुई कलेक्शन के साथ रामायण ने पुष्पा 2 के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को टक्कर दी है. पुष्पा 2 ने 1,742 करोड़ रुपये कमाए थे.

Advertisement

वर्ल्डवाइड हाईएस्ट ग्रॉसर इंडियन फिल्म कौन सी हैं?
वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप-5 इंडियन फिल्मों में सबसे आगे दंगल 2,070 करोड़ के कलेक्शन के साथ है. इसके बाद लिस्ट में दूसरे नंबर पर धुरंधर 2 (1,813 करोड़), तीसरे स्पॉट पर बाहुबली 2 (1,788 करोड़), चौथी रैंक पर रामायण (1,755 करोड़) और पाचवें स्पॉट पर पुष्पा 2 (1742 करोड़) है.

अब रामायण के लिए बाहुबली 2, धुरंधर 2 और दंगल का रिकॉर्ड बड़ी चुनौती है. रणबीर-साई पल्लवी की फिल्म तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है. 'रामायण' के सामने इस वीक इमरान हाशमी की 'गनमास्टर G9' और आयुष्मान खुराना की 'ये प्रेम मोल लिया' होंगी. देखना होगा कि ये दोनों फिल्में रामायण की कमाई में किस हद तक सेंध लगाती हैं.

रामायण का सेकंड पार्ट 2028 में दिवाली के मौके पर रिलीज होगा. ट्रेड एनालिस्ट्स का दावा है कि रामायण 2 पहले के मुकाबले और बेहतरीन होगी. पार्ट 2 में सनी देओल की एंट्री होगी. राम-रावण के बीच युद्ध होगा. हनुमान का लंकापति रावण को चुनौती देना, रावण की सोने की लंका में आग लगाना, राम-सीता का 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या लौटना… जैसे कई अहम सीन को दिखाया जाएगा.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.