देहरादून में दहेज की मांग पूरी ना होने पर बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई। बरातियों ने खाना तक नहीं खाया। दरअसल दिल्ली से बारात देहरादून आई थी। शादी की रस्में भी पूरी हो गई थी। लेकिन लड़के पक्ष ने दहेज और 20 लाख रुपये की मांग पूरी ना होने पर दुल्हन को अपने साथ ले जाने से इंकार कर दिया और बरात लेकर लौट गए।
देहरादून में फेरें हुए पर नहीं हुई विदाई
27 नवंबर को दिल्ली सेबरात देहरादून के कोतवाली इलाके में पहुंची। गुरुद्वारे में शादी की रस्में संपन्न हुईं। शादी के बाद प्रीतिभोज होना था। इसी दौरान दूल्हा-दुल्हन पार्लर गए तैयार होने। आरोप है कि तभी दूल्हे के भाई और भाभी ने दुल्हन पक्ष के आगे विदाई से पहले 20 लाख देने की मांग कर दी।
20 लाख दहेज देने की मांग
तत्काल इतनी रकम का इंतजाम कर पाना दुल्हन पक्ष के लिए मुश्किल था। लेकिन दूल्हा पक्ष नहीं माना। आरोप है कि दूल्हा परिवार प्रीतिभाज वाली जगह पहुंचा। जिसके बाद वो 20 लाख रुपए जुटाने का दबाव बनाने लगा। जब रकम नहीं मिली तो उन्होंने दुल्हन के बिना ही लौटने की चेतावनी दी।
बिना खाना खाए लौटी बारात
विवाद बढ़ने के बाद दूल्हे और उसके परिवार ने बारातियों को खाना खाने से रोका। जिससे बारात बिना खाए ही लौट गई। दूल्हा विदाई के बिना ही परिवार संग बरात लेकर दिल्ली लौट गया। इस घटना के बाद दुल्हन सदमे में है। परिवार भी काफी परेशान है। लड़की के भाई ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर दूल्हे, उसके भाई-भाभी जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









