आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलकर धोखाधड़ी करने के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के पास कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपी अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय बनाकर वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे।
RTO कार्यालय के बाहर गाड़ियों में चला रहे थे अवैध काम
STF के अनुसार कुमाऊं यूनिट को सूचना मिली कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास कुछ लोग दो अलग-अलग वाहनों में बैठकर वाहन स्वामियों से दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। टीम ने दोनों वाहनों की घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान एक वाहन में प्रवीण बाछाड़ निवासी उधम सिंह नगर और दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन निवासी ऊधमसिंहनगर को पकड़ा गया।
सरकारी फीस की सही जानकारी छिपाकर करते थे वसूली
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे RTO कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इस दौरान वाहन मालिकों को सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी नहीं दी जाती थी और निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूली जाती थी। आरोपी अपनी गाड़ियों में लैपटॉप और प्रिंटर रखकर दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित कर रहे थे। STF की प्रारंभिक जांच में कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। इस पहलू को लेकर एसटीएफ जांच कर रही है।
बरामद दस्तावेजों से नेटवर्क खंगाल रही एसटीएफ
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, प्रिंटर समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए गए हैं। एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही अब तक कितने वाहन स्वामियों से अवैध रूप से रकम वसूली गई है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









