देहरादून में ओवरटेकिंग विवाद बना जानलेवा: फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

Uttarakhand

देहरादून। उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया, जिसमें एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में सामने आया कि मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र में दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ था।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रोकने के लिए टायर पर गोली चलाई। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे 75 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर एम.के. जोशी को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *