अमन हत्याकांड: हरिद्वार पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, मुख्य आरोपी घायल, 2 फरार – Khabar Uttarakhand

रुड़की मे पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच देर रात जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। चर्चित अमन हत्याकांड में शामिल बदमाशों को जब पुलिस ने घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर घायल हो गया। जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

अमन हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़

घटना रुड़की कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती इलाके की है। देर रात रुड़की कोतवाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमन हत्याकांड से जुड़े कुछ संदिग्ध आरोपी एक बाइक पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या इलाके से भागने की फिराक में नगला इमरती के पास से गुजर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग

बाइक सवार तीनों संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। हड़बड़ाहट में बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस जवानों ने भी तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की।

अंधेरा का फायदा उठाकर दो आरोपी गिरफ्तार

दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ में एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत आगे बढ़कर घायल बदमाश को काबू में किया, जिसकी पहचान ढंडेरा निवासी सौरभ के रूप में हुई है। वहीं, इस अफरा-तफरी और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

आरोपी ने कबूला जुर्म

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी सौरभ को पुलिस की सुरक्षा में नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कड़ाई से की गई शुरुआती पूछताछ में सौरभ ने अमन की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही उसने खुलासा किया कि इस पूरे हत्याकांड में उसके साथ दो और लोग शामिल थे।

फरार बदमाशों की तलाश जारी

​घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सभी जंगलों, संभावित ठिकानों और सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान और कॉम्बिंग जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार बदमाशों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.