कुमाऊं परिक्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे व्यापक और प्रभावशाली कार्रवाई

कुमाऊं परिक्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे व्यापक और प्रभावशाली कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रिद्धिम अग्रवाल के नेतृत्व में 914.91 किलोग्राम मादक पदार्थों का वैज्ञानिक और विधिसम्मत निस्तारण किया गया, जो अब तक की सबसे बड़ी मात्रा है।

ग्लोबल एनवायरमेंटल साल्यूशन, लम्बाखेड़ा स्थित दहन केंद्र में यह निस्तारण किया गया। यह नशे की सामग्री कुल 324 अभियोगों से जब्त की गई थी। वर्ष 2025 में अब तक हुए निस्तारण ने पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं — 2022 में जहां 292 किलोग्राम, 2023 में 719 किलोग्राम और 2024 में केवल 57.69 किलोग्राम नशा नष्ट किया गया था, वहीं 2025 में यह आंकड़ा 914.91 किलोग्राम तक पहुंच गया है।

इस अभियान में केवल वर्तमान वर्ष के नहीं, बल्कि 1985, 1995 और 1998 के पुराने मामलों से जुड़ी मादक वस्तुओं का भी विधिसम्मत निपटान किया गया। इससे यह सिद्ध होता है कि पुलिस न केवल कानूनी रूप से, बल्कि नैतिक रूप से भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने अभियान की कमान खुद संभाली और थाना स्तर तक संपर्क स्थापित करते हुए निस्तारण प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया। उनके नेतृत्व और लगातार फॉलोअप से पुलिस मालखानों पर भार घटा और न्यायिक प्रक्रिया में भी गति आई।

आईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह सिर्फ कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा, “यह अभियान जनहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल है, जो निरंतर जारी रहेगी। मादक पदार्थों के खिलाफ संघर्ष में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.