खाद्य मंत्री ने धान खरीद सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर की बैठक, 7 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य

खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने आगामी खरीफ क्रय सत्र 2026-27 में धान एवं मंडुवा खरीद की तैयारियों को लेकर आज विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों एवं राइस मिलर्स संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में खरीद प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

धान खरीद सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर की बैठक

खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी कि खरीफ क्रय सत्र 2026-27 में 7 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस साल साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,441 प्रति क्विंटल, जबकि ग्रेड-ए धान का MSP 2,461 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

इसी प्रकार मंडुवा (रागी) की खरीद का लक्ष्य 12 हजार मीट्रिक टन रखा गया है। मंडुवा के लिए 5,205 प्रति क्विंटल MSP निर्धारित किया गया है। धान एवं मंडुवा दोनों की खरीद प्रक्रिया 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित की जाएगी।

खरीद केंद्रों पर ज़रूरी सुविधाएं तय समय से पहले हो पूरी: मंत्री

बैठक के दौरान, मंत्री ने अधिकारियों को मिल मालिकों के लिए भुगतान की प्रक्रिया में तेज़ी लाने का निर्देश भी दिया। रेखा आर्या ने कहा कि पहले मिल मालिकों को भुगतान 72 घंटों के भीतर किया जाता था, लेकिन अब सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में 48 घंटों के भीतर हो जाए।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी खरीद केंद्रों पर किसानों को समय पर ज़रूरी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ और खरीद के दौरान उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही, खरीद प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही मंडियों और खरीद केंद्रों पर ज़रूरी इंतज़ाम पूरे करने के निर्देश दिए गए, ताकि धान की खरीद का काम सुचारू और व्यवस्थित ढंग से हो सके।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.