खुशखबरी: बागेश्वर के काफलीगैर में खुलेगा नया सरकारी डिग्री कॉलेज, आदेश जारी

बागेश्वर के काफलीगैर में नया सरकारी डिग्री कॉलेज खुलेगा। राजकीय महाविद्यालय की स्थापना और उसके संचालन के लिए 18 पदों के सृजन को उत्तराखंड शासन ने मंजूरी दे दी है।

बागेश्वर के काफलीगैर में खुलेगा नया सरकारी डिग्री कॉलेज

शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग-4 की ओर से जारी आदेश के अनुसार महाविद्यालय के संचालन के लिए 13 नियमित और 05 आउटसोर्स पद स्वीकृत किए गए हैं। शासनादेश के अनुसार महाविद्यालय में प्राचार्य का एक पद, हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र एवं संस्कृत विषयों में 7 सहायक प्राध्यापक के पद, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक के 2 पद, पुस्तकालय लिपिक सहित कुल 13 नियमित पद सृजित किए गए हैं। इसके आलावा बुक लिफ्टर, अनुसेवक और स्वच्छक-चौकीदार के 5 आउटसोर्स पद भी मंजूर किए गए हैं।

बागेश्वर की विधायक ने जताया सीएम और मंत्री का आभार

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए बागेश्वर की विधायक पार्वती दास ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। विधायक ने कहा कि “काफलीगैर क्षेत्र में नए राजकीय महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इससे काफलीगैर और आसपास के क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे। सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से निश्चित रूप से हमारे युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।” उन्होंने कहा कि काफलीगैर में महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही शैक्षिक आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.