किन्नर समाज में बधाई लेने के पारंपरिक क्षेत्रों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। रामनगर की किन्नर समाज की गुरु याना खान ने आरोप लगाया है कि मुरादाबाद निवासी कुछ किन्नरों ने रामनगर समेत पांच क्षेत्रों को बधाई लेने के लिए कथित तौर पर 60 लाख में दूसरे किन्नरों को बेच दिया।
मुरादाबाद की किन्नर ने बेच दिया उत्तराखंड की किन्नर का इलाका
याना खान का दावा है कि यह कथित सौदा उनकी जानकारी और सहमति के बिना किया गया। मामले में एक कथित वीडियो भी सामने आया है। याना खान ने इस वीडियो को अपने आरोपों से जुड़ा महत्वपूर्ण साक्ष्य बताते हुए रामनगर नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम को दिखाया और पूरे मामले की जानकारी दी। उनका दावा है कि वीडियो में कथित तौर पर रकम के लेन-देन और क्षेत्रों को बेचने-खरीदने से जुड़ी बातचीत दिखाई देती है।
मुरादाबाद की किन्नर ने बेच दिया उत्तराखंड की किन्नर का इलाका#uttarakhand pic.twitter.com/rIFJJO0VQJ
— Khabar Uttarakhand (@KUttarakhand) September 7, 2026
याना खान के मुताबिक रामनगर के साथ जसपुर, बाजपुर, स्वार और गदरपुर समेत पांच क्षेत्रों को कथित तौर पर बेचने की बात सामने आई है। उन्होंने बबली नाम की किन्नर पर कथित सौदे में शामिल होने का आरोप लगाया है, जबकि गुलशन, आंचल और ज्योति समेत कुछ अन्य लोगों के इन क्षेत्रों को खरीदने का दावा किया है।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
याना खान ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उन्हें रामनगर छोड़ने और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। उन्होंने व्हाट्सऐप पर हथियारों वाले कथित धमकी भरे स्टेटस दिखाए जाने की बात कही है। मामले को लेकर किन्नर याना खान ने रामनगर कोतवाली में तहरीर दी है।
मामले की जांच जारी
याना खाना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी तहरीर पर कोतवाल सुशील कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं किन्नर ने इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष से भी शिकायत की है। फिलहाल वीडियो और 60 लाख के कथित लेन-देन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








