चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, बदरी-केदार में 33.73 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उत्तराखंड में मौसम सामान्य होने के साथ ही चारधाम यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पितृ पक्ष के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

बदरी-केदार में 33.73 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, 28 सितंबर तक दोनों धामों में 33.73 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंड साहिब समेत चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 53 लाख तक पहुंच गई है। द्विवेदी ने बताया कि 28 सितंबर तक बदरीनाथ धाम यात्रा के लिए 20. 89 लाख से ज्यादा और केदारनाथ धाम के लिए 22. 62 लाख से ज्यादा पंजीकरण हो चुके हैं। दोनों धामों के लिए कुल पंजीकरण 43.52 लाख से ज्यादा है, जबकि चारधाम यात्रा के लिए कुल पंजीकरण का आंकड़ा 66 लाख पहुंच गया है।

मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा ने फिर पकड़ी गति

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में प्रशासन और बीकेटीसी द्वारा यात्रा के द्वितीय चरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गयी हैं। यात्रा मार्गों और धामों में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा ने फिर गति पकड़ी है और पितृ पक्ष के दौरान भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।

चारधाम के कपाट बंद होने में डेढ महीने का समय शेष

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप मंदिर समिति द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि तीर्थयात्रियों को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन प्राप्त हो सकें। अभी चारधाम के कपाट बंद होने में डेढ महीने का समय शेष है ऐसे में रिकार्ड तीर्थयात्रियों के धामों के दर्शन को पहुंचने की उम्मीद है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.