छात्राओं की हुंकार का असर, बेतालघाट बालिका इंटर कॉलेज को मिले चार अतिथि प्रवक्ता

नैनीताल के बेतालघाट स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं की आवाज आखिरकार शिक्षा विभाग तक पहुंच गई। शिक्षक दिवस से ठीक पहले स्कूल परिसर में छात्राओं की ओर से सिस्टम के खिलाफ की गई जोरदार नारेबाजी के बाद अब विभाग ने चार अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर दी है।

छात्राओं की हुंकार के बाद बेतालघाट स्कूल को मिले चार अतिथि प्रवक्ता

शिक्षकों की कमी से परेशान छात्राओं के विरोध के बाद शिक्षा विभाग में हलचल देखने को मिली। इसी क्रम में नैनीताल में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी आरएस नेगी की ओर से 5 सितंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक राजनीति विज्ञान में मन्नू सुनारी, अंग्रेजी में सपना गोस्वामी, अर्थशास्त्र में रेखा पाण्डेय और हिन्दी में मुन्नी देवी को रामगढ़ ब्लॉक के संबंधित विद्यालयों में अतिथि प्रवक्ता के रूप में तैनाती दी गई है।

नियमित नियुक्ति होते ही खत्म होगी व्यवस्था

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अतिथि प्रवक्ताओं की यह व्यवस्था नियमित नियुक्ति होने तक ही प्रभावी रहेगी। जैसे ही संबंधित पद पर सीधी भर्ती, पदोन्नति या स्थानांतरण के माध्यम से नियमित नियुक्ति होगी, अतिथि शिक्षक की व्यवस्था खुद ही समाप्त हो जाएगी। साथ ही आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुपालन में नियुक्त किए जा रहे अतिथि शिक्षकों को भविष्य में किसी अन्य प्रकार के लाभ या नियुक्ति संबंधी अधिकार का दावा करने का अधिकार नहीं होगा।

25 हजार रुपए होगा मानदेय

नियुक्त किए गए अतिथि प्रवक्ताओं को शिक्षण कार्य के लिए प्रतिमाह 25 हजार मानदेय दिया जाएगा। सभी संबंधित अभ्यर्थियों को आदेश जारी होने की तारीख से एक सप्ताह के भीतर आवंटित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर उनका अभ्यर्थन स्वतः निरस्त माना जाएगा।

अर्हताओं की जांच के बाद ही मिलेगा कार्यभार

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी निर्देश दिए हैं कि अतिथि प्रवक्ताओं को कार्यभार ग्रहण कराने से पहले उनकी शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी अर्हताओं का पूरी तरह मिलान किया जाए। इसके साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यभार ग्रहण कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.