डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक, प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल

डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान सामने आए घटनाक्रम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से गठित समन्वय समिति की बैठक बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने की। बैठक में चुनाव के दौरान हुई घटनाओं, मतगणना प्रक्रिया और प्रशासन की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कांग्रेस ने प्रशासन पर लगाए चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने के आरोप

बैठक में समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान प्रशासन पर दबाव बनाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास के आरोप सामने आए हैं, जो गंभीर विषय है।

पोखरियाल ने भाजपा सरकार पर प्रशासनिक तंत्र के कथित इस्तेमाल के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता के प्रभाव, धनबल या प्रशासनिक दबाव के माध्यम से चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए उचित नहीं है।

ABVP कार्यकर्ताओं ने की मतगणना स्थल पर अव्यवस्था उत्पन्न

उन्होंने मतगणना के दौरान सामने आए घटनाक्रम का भी जिक्र किया। पोखरियाल ने आरोप लगाया कि मतगणना स्थल पर भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर अव्यवस्था उत्पन्न की गई, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी पक्ष की ओर से नियमों का उल्लंघन हुआ है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

समन्वय समिति के अध्यक्ष ने बताया कि समिति पूरे मामले के सभी पहलुओं का अध्ययन कर रही है। साथ ही इस प्रकरण में वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कानूनी राय भी ली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की रणनीति तय की जाएगी। पोखरियाल ने कहा कि इस पूरे प्रकरण को कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.