
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राखी बांधी। इस दौरान महिला मोर्चा की बहनों ने महेंद्र भट्ट को राखी बांधकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।
BJP महिला मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को बांधी राखी
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा प्रदेश में भाजपा की विजय के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। रुचि भट्ट ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा के लिए यह पर्व संगठनात्मक रिश्तों में आत्मीयता और विश्वास को मजबूत करने का अवसर है।
CM के नेतृत्व में हो रहे महिलाओं के हित में महत्वपूर्ण कार्य: भट्ट
रुचि भट्ट ने कहा कि भाजपा में महिलाओं की भूमिका केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। वहीं, उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, बेटियों और मातृशक्ति के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
रुचि भट्ट ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ ही समाज में जागरूकता पैदा करने का काम कर रही हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा चुनाव में अपनी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगी।
आगामी चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका रहेगी महत्वपूर्ण: महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने कहा कि महिला मोर्चा भाजपा संगठन की मजबूत शक्ति है और आगामी विधानसभा चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।








