पुरोला के रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण को 1.79 करोड़ मंजूर, विधायक ने जताया CM का आभार – Khabar Uttarakhand

ख़बर शेयर करें

पुरोला के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मंगलवार को सीएम आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विल्ला नौगांव, विधानसभा पुरोला के अंतर्गत 65 गांवों के आराध्य देवता रुद्रेश्वर महादेव के डांडा देवराणा मंदिर, के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर सीएम का आभार व्यक्त किया।

आस्था और परम्परा से जुड़े मंदिरों के विकास पर भी सरकार का फोकस: CM

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ ही स्थानीय स्तर पर आस्था और परम्परा से जुड़े मंदिरों और मेलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परम्परायें उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान हैं तथा इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है।

65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है रुद्रेश्वर महादेव मंदिर: MLA

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि डांडा देवराणा स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के 65 गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्थाएं जुड़ी हुई हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।

क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के साथ-साथ स्थानीय आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किए जा सकेंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।