
भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों-कर्मचारियों ने एकता, राष्ट्रगौरव एवं सहभागिता की भावना के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।
IIM काशीपुर में उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
समारोह का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके बाद कर्नल अजय कुमार उपाध्याय (सेवानिवृत्त), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के नेतृत्व में संक्षिप्त औपचारिक परेड एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर किया नवनिर्मित फुटबॉल मैदान का उद्घाटन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर संस्थान के नवनिर्मित फुटबॉल मैदान का उद्घाटन प्रो. बेन कृष्णा एम.यू. एवं प्रो. वैभव भामोरिया द्वारा किया गया। यह पहल विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व एवं टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ उनके समग्र विकास में योगदान देगी। उद्घाटन के बाद विद्यार्थियों के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच आयोजित किया गया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा नृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियांं भी प्रस्तुत की गईं। इन प्रस्तुतियों ने आईआईएम काशीपुर समुदाय की रचनात्मकता, विविधता एवं प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया तथा समारोह को और अधिक जीवंत एवं आकर्षक बना दिया।
स्वतंत्र और तार्किक सोच अपनाने के लिए किया प्रोत्साहित
संसथान के डायरेक्टर प्रो. नीरज द्विवेदी ने छात्रों को स्वतंत्र और तार्किक सोच अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपने विश्वासों और सिद्धांतों पर अडिग रहें और भीड़ या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित एल्गोरिदम का अनुसरण करने के बजाय अपनी खुद की समझ और निर्णय लेने की क्षमता पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि हर छात्र को आत्मविश्वास, जिम्मेदारी की भावना और दृढ़ संकल्प के साथ अपने जीवन की राह तय करनी चाहिए।








