29 अगस्त को हल्द्वानी में होगा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच – Khabar Uttarakhand

राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) के अवसर पर उत्तराखंड के खेल परिदृश्य में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। हल्द्वानी के गोलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास व भूमि पूजन किया जाएगा।

29 अगस्त को हल्द्वानी में होगा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास

मंत्री रेखा आर्या ने इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य रूप देने के लिए खेल गुरुवार को राज्य सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की गहन समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने इसे देवभूमि के युवाओं और खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण करार दिया।

धरातल पर उतर रहा महत्त्वाकांक्षी सपना: मंत्री

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना उनका एक बहुप्रतीक्षित और महत्त्वाकांक्षी सपना था, जो अब धरातल पर साकार होने जा रहा है। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय कोचिंग, आधुनिक खेल संरचना और खेल विज्ञान (स्पोर्ट्स साइंस) की सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध होंगी।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया जायेगा सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार राशि का DBT के माध्यम से सीधा अंतरण किया जाएगा। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना’ के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही, वर्ष 2024-25 के ‘देवभूमि खेल रत्न’ और ‘देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार’ से सम्मानित होने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.