कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के बाद से पार्टी में आक्रोश है। आज कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कोतवाली का घेराव किया। इसमें हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।
कांग्रेस ने किया कोतवाली का घेराव
नेता प्रतिपक्ष समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ और AI से बनी फर्जी वीडियो के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि वह इस मामले में पहले भी तहरीर दे चुके हैं लेकिन उनकी प्राथमिकी पुलिस ने आज तक दर्ज नहीं की। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती ये लड़ाई जारी रहेगी।
दलित विरोधी है भाजपा की मानसिकता: कांग्रेस
यशपाल आर्य ने कहा कि बड़ा अफसोस और निंदनीय विषय है कि चंद मिनटों के अंदर राहुल गांधी जैसे नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी जाती है, और दूसरी तरफ कांग्रेस ने जो मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी उस पर अभी तक कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ये स्पष्ट है कि भाजपा की मानसिकता दलित विरोधी है।
देहरादून में 7 सितंबर को होगा बड़ा प्रदर्शन
कांग्रेस पार्टी इस विवाद को लेकर 7 सितंबर को देहरादून में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। प्रदर्शन में उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इसकी पुष्टि की है। रामलीला मैदान में कथित “शुद्धिकरण” अनुष्ठान किए जाने के बाद कांग्रेस इस मामले में लगातार मुकदमा दर्ज करने और कथित तौर पर अनुष्ठान में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








