शुद्धिकरण मामले में सियासत तेज: 7 सितंबर को देहरादून में होगा बड़ा प्रदर्शन, कांग्रेस का ऐलान

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोमवार को राज्य के सभी जिलों में कई जगहों पर हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित “शुद्धिकरण” अनुष्ठान को लेकर एफआईआर दर्ज कराएगी।

देहरादून में 7 सितंबर को होगा बड़ा प्रदर्शन

हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित “शुद्धिकरण” मामला अब और गर्माता ja raha हैं। कांग्रेस पार्टी इस विवाद को लेकर 7 सितंबर को देहरादून में बड़ा प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन में उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इन कार्यक्रमों की पुष्टि की है।

अनुष्ठान में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

खड़गे की रैली के बाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कथित तौर पर “शुद्धिकरण” अनुष्ठान किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। तब से कांग्रेस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने और कथित तौर पर अनुष्ठान में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।

खड़गे ने राज्यसभा में उठाया था मुद्दा

बता दें खड़गे ने यह मुद्दा राज्यसभा में भी उठाया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि 8 अगस्त की उनकी रैली के बाद स्थल पर शुद्धिकरण अनुष्ठान किया गया था। यह रैली 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारी के तहत कांग्रेस द्वारा आयोजित की गई थी। खड़गे ने बाद में X पर पोस्ट करके कानूनी कार्रवाई की मांग की।

राहुल गांधी ने दिल्ली में उठाया था मुद्दा

इससे पहले शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दिल्ली में प्रेसवार्ता कर “शुद्धिकरण” अनुष्ठान में कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।

राहुल गांधी ने कहा, “यह कृत्य SC/ST अधिनियम का उल्लंघन है। ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान करना एक अपराध है। फिर भी, कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसलिए, हम मांग करते हैं कि उत्तराखंड में यह शुद्धिकरण अनुष्ठान करने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए।” कांग्रेस का कहना है है कि कथित अनुष्ठान अपमान के समान था और उसने कानूनी कार्रवाई की अपनी मांग तेज कर दी है, जिससे यह मुद्दा उत्तराखंड में दोनों दलों के बीच एक नए राजनीतिक टकराव में बदल गया है।

BJP ने किया कांग्रेस के आरोपों को खारिज

हालांकि, भाजपा ने इस विवाद में जातिगत एंगल के कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया है। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दावा किया कि उत्तराखंड “शुद्धिकरण” विवाद से जुड़े वीडियो में “कोई जातिगत एंगल नहीं है”। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू समाज में विभाजन पैदा करने के लिए बार-बार जाति और ऐसे अन्य मुद्दों को उठाने का आरोप लगाया।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.