उत्तराखंड के युवाओं को रील बनाने पर मिलेंगे पैसे, सरकार का है ये बड़ा प्लान

उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक शानदार खबर है। अब उत्तराखंड के ऐसे युवा जो सोशल मीडिया में एक्टिव हैं। ऐसे युवाओं को सोशल मीडिया के लिए रील बनाने और उसे पोस्ट करने के लिए पांच हजार रुपए तक दिए जाएंगे। सरकार के इस प्रस्ताव को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है।

राज्यपाल ने ‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ को दी मंजूरी

उत्तराखंड में रील बनाओ और हर महीने पांच हजार रुपये और सर्टिफिकेट पाओ। जी हां, सोशल मीडिया के दौर में युवाओं को उत्तराखंड सरकार ने दो माह की इंटर्नशिप की सौगात दी है। इसके तहत उन्हें पांच हजार रुपये मानदेय भी दिया जाएगा। राज्यपाल ने डिजिटल युवा महोत्सव 2026-27 के तहत ‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ को ‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ की कार्ययोजना और रूप-रेखा को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है।

धामी सरकार ने राज्य के युवाओं को प्रशासनिक, खेल एवं डिजिटल कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने तथा उनके कौशल विकास के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा की ओर से जारी शासनादेश के मुताबिक, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत संचालित इस दो माह के विशेष इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए प्रदेश के युवाओं से आवेदन मांगे जाएंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शासन की डिजिटल पहलों, प्रबंधन, संचार तथा खेल और युवा कल्याण विभाग की विभिन्न गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना  के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इस योजना का त्वरित प्रचार-प्रसार और सफल निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पहले चरण में 20 युवाओं का होगा चयन

इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रथम चरण में राज्यभर से कुल 20 प्रतिभावान युवाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया डिजिटल यूथ फेस्टिवल में पंजीकृत अथवा सहभागी युवाओं में से ऑनलाइन आवेदन, स्क्रीनिंग और निर्धारित पात्रता के आधार पर पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। चयनित युवाओं को विभागीय कार्यप्रणाली को समझने, सीखने और डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर काम करने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम के कुशल संचालन के लिए फिलहाल दो लाख साठ हजार रुपये का बजट तय किया गया है।

पात्रता और आवश्यक योग्यता इस तरह होगी

‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थी का उत्तराखंड राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में अध्ययनरत (स्नातक या परास्नातक) हों अथवा स्नातक की डिग्री प्राप्त कर चुका होना चाहिए। आवेदकों में डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया प्रबंधन, कंटेंट क्रिएशन और विभागीय कार्यक्रमों में विशेष रुचि होनी चाहिए।

हर माह मिलेगा 5,000 मानदेय और अधिकृत प्रमाण-पत्र

युवाओं के योगदान को प्रोत्साहित करने और उनके आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से शासन ने मानदेय का भी प्रावधान किया है। कार्यक्रम की दो महीने की अवधि के दौरान हर चुने गए इंटर्न को 5,000 रुपये प्रति माह की दर से मानदेय दिया जाएगा।  इंटर्नशिप की अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने और सौंपे गए दायित्वों को ठीक से पूरा करने वाले प्रत्येक युवा को विभाग की ओर से अधिकृत प्रमाण-पत्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके भविष्य के करियर में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

इंटर्न्स को संभालने होंगे ये प्रमुख दायित्व

‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ के तहत चयनित युवाओं को विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में डिजिटल युवा महोत्सव के दौरान युवाओं का पंजीकरण कराने, वीडियो अपलोड करने में सहायता देने तथा कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करना होगा। फिट उत्तराखंड एप के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षेत्रीय एवं डिजिटल स्तर पर युवाओं को जोड़ने और जागरूक करने का कार्य करना होगा। जिसमें विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों के प्रचार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए पोस्ट, रील, वीडियो और अन्य रचनात्मक सामग्री तैयार करनी होगी। विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों से संबंधित आंकड़ों का संकलन, संधारण एवं डिजिटल अभिलेखीकरण करना होगा।

मजबूत मेंटरशिप और दैनिक समीक्षा तंत्र

इंटर्नशिप के दौरान प्रत्येक युवा के मार्गदर्शन के लिए एक नोडल अधिकारी आवंटित किया जाएगा। यह नोडल अधिकारी इंटर्न के कार्य आवंटन, दैनिक मार्गदर्शन और प्रदर्शन का मूल्यांकन सुनिश्चित करेगा।  कार्यक्रम की प्रगति की नियमित समीक्षा और समन्वय के लिए प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे और शाम 5:30 बजे दो बार वर्चुअल बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संबंधित अधिकारियों और टीम सदस्यों की हिस्सेदारी जरूरी होगी।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.