पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से शुरू होगी MBBS की पढ़ाई, केंद्र ने दी मंजूरी, CM ने जताया आभार

उत्तराखंड के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पिथौरागढ़ स्थित स्व. जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से MBBS की पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने कॉलेज की दूसरी अपील स्वीकार करते हुए 50 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की अनुमति दे दी है।

पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से शुरू होगी MBBS की पढ़ाई

कॉलेज प्रशासन ने शुरुआत में 100 MBBS सीटों के साथ नया सत्र शुरू करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। हालांकि, मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की समीक्षा के दौरान बुनियादी ढांचे और संसाधनों से जुड़ी कमियों के चलते प्राथमिक अपीलें खारिज कर दी गई थी।

दूसरी अपील के बाद मिली मंजूरी

प्राथमिक अपीलें खारिज होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने बुनियादी ढांचे में सुधार किया और आवश्यक फैकल्टी की उपलब्धता सुनिश्चित की। तैयारियां पूरी करने के बाद केंद्र सरकार के समक्ष दूसरी अपील दाखिल की गई। केंद्र सरकार के तकनीकी विशेषज्ञ समूह और मुख्य संचालन अधिकारी ने कॉलेज की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों और उपलब्ध संसाधनों की दोबारा समीक्षा की। समिति ने पाया कि कॉलेज में 50 MBBS सीटों के लिए आवश्यक फैकल्टी और संसाधन पर्याप्त हैं। इसके बाद 50 सीटों पर दाखिले की अनुमति दे दी गई।

CM Dhami ने जताया केंद्र सरकार का आभार

सत्र की मंजूरी मिलने के बाद सीएम धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। सीएम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा ‘पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती प्रदान करते हुए और सीमांत क्षेत्रों के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पिथौरागढ़ जिले में स्थित स्व. जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की पढ़ाई शुरू करने को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से मंजूरी प्राप्त हुई है’।

ये भी पढ़ें: CM ने किया देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा का शुभारंभ, अब एक घंटे में तय होगा सफर

सीएम ने कहा ‘इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से सीमांत क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं को भी नई मजबूती मिलेगी। पिथौरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इस ऐतिहासिक मंजूरी के लिए पीएम मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा का प्रदेशवासियों की ओर से हृदयतल से आभार’।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.