10 महीने से अधूरी सड़क, उड़ती धूल ने बढ़ाई परेशानी, Gen alpha और Gen Z युवाओं ने किया प्रदर्शन

गदरपुर के संजय नगर गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क निर्माण में हो रही देरी और उड़ती धूल से परेशान होकर स्कूली बच्चों के साथ ग्रामीणों के युवाओं ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 11.30 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क का निर्माण पिछले करीब 10 माह से अधर में पड़ा है, जिसके चलते रोजाना लोगों को धूल-मिट्टी और उड़ते पत्थरों की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

गदरपुर में Gen alpha और Gen Z युवाओं ने किया प्रदर्शन

सुबह अचानक बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और गांव के जेन अल्फा व जेन जी युवा सड़क पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बल्लियां और अन्य सामान लगाकर रास्ता रोक दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है।

धूल से पेड़ तक हुए सफेद, घरों में घुस रही मिट्टी

ग्रामीणों ने बताया कि निर्माणाधीन सड़क पर दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण भारी मात्रा में धूल उड़ती है। स्थिति यह है कि आसपास लगे पेड़ तक धूल से सफेद पड़ चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश होने के बाद ही कुछ समय के लिए धूल से राहत मिलती है, लेकिन बारिश के बाद भी पेड़ पूरी तरह हरे नहीं हो पा रहे हैं।

लोगों को करना पड़ रहा स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना

ग्रामीणों ने दावा किया कि लगातार धूल-मिट्टी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। घरों के अंदर, मंदिरों और यहां तक कि बिस्तरों तक में धूल पहुंच रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराया जाए और तब तक धूल से राहत के लिए सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए। साथ ही सड़क से गुजरने वाले भारी वाहनों की गति और आवाजाही को नियंत्रित करने की भी मांग उठाई गई है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने भी बताई ग्रामीणों की परेशानी

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जुल्फिकार अली ने कहा कि गांव में धूल-मिट्टी के कारण लोग बेहद परेशान हैं। सड़क निर्माण के चलते उड़ने वाली धूल घरों, मंदिरों और बिस्तरों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से समस्या का समाधान चाहते हैं, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

गदरपुर से मिले महेंद्र पाल सिंह के इनपुट के साथ

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.