उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले के रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सोनिया को कथित तौर पर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी शिकायतकर्ता के दूसरे पक्ष के साथ लेन-देन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रही थी।
हरिद्वार में विजिलेंस का बड़ा एक्शन
विजिलेंस के अनुसार, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि हरिद्वार के रानीपुर थाने में तैनात ASI शिकायतकर्ता से उसके पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दूसरे पक्ष के साथ लेन-देन के विवाद में समझौता कराने और मामले का निपटारा करने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही है। सतर्कता विभाग ने शिकायत की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए जाने की बात कही गई है।
विजिलेंस ने जाल बिछाकर की गिरफ्तारी
शिकायत की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई। विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत करने के बाद 10 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई की। सतर्कता विभाग के मुताबिक, ट्रैप टीम ने रानीपुर थाने में तैनात ASI सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








