सरकारी स्कूलों के बच्चों को मुफ्त मिलेंगी किताबें, सीएम धामी ने मंजूर किए 124 करोड़

उत्तराखंड के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के स्कूली बच्चों को मुफ्त पाठ्य सामग्री और किताबें देने के लिए 124 करोड़ रुपये से ज्यादा के बजट को हरी झंडी दे दी है। सरकार के इस कदम से गरीब और मध्यम वर्ग के हजारों परिवारों पर से पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम होगा। मुख्यमंत्री के इन फैसलों से न सिर्फ स्कूली बच्चों की पढ़ाई आसान होगी, बल्कि गांव-कस्बों में सड़कों और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

किस काम के लिए कितना पैसा हुआ पास?

कक्षा 9 से 12वीं तक पढ़ने वाले सभी वर्गों (सामान्य, ओबीसी, एससी और एसटी) के छात्र-छात्राओं को मुफ्त में टेक्स्टबुक दी जाएंगी। इसके लिए 52.21 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है।

प्राथमिक शिक्षा विभाग (1st से 8th क्लास) के बच्चों को इस सत्र में मुफ्त किताबें और पढ़ाई का दूसरा जरूरी सामान बांटने के लिए 72 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी मिली है।

राज्य में विकास कार्यों को भी मिली रफ्तार

शिक्षा के अलावा सीएम धामी ने प्रदेश में सड़कों, नालियों और खेल से जुड़े ढांचागत विकास के लिए भी कई करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

पिथौरागढ़ (डीडीहाट) के कनालीछीना के भौतड़ी गांव में अंदरूनी सीसी रोड (पक्की सड़क) बनाने के लिए 80 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 48 लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।

उधमसिंह नगर (गदरपुर) की दिनेशपुर नगर पंचायत क्षेत्र में 5 किलोमीटर लंबी नाली और टाइल्स वाली सड़क बनाने के लिए कुल 4.15 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है।

हल्द्वानी में गोलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के तहत निर्माण कार्य कराने के लिए इस साल 9.35 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर एक करोड़ रुपये जारी करने का आदेश दे दिया गया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.