दर्दनाक हादसा: धनोल्टी के पास कार की टक्कर से वन दरोगा की मौत; पुलिस ने ड्राइवर को किया गिरफ्तार

चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर धनोल्टी के समीप शनिवार शाम एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में वन विभाग के एक दरोगा की अकाल मृत्यु हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और सर्च अभियान चलाकर वाहन समेत आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

घर लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरेंद्रनगर वन प्रभाग की सकलाना रेंज में तैनात 48 वर्षीय वन दरोगा प्यार चंद रमोला, निवासी सौड़ गांव (चंबा), शनिवार शाम करीब चार बजे सकलाना से ड्यूटी के बाद अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे धनोल्टी के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार को पास देते समय दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्यार चंद रमोला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

 हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल वन दरोगा को तत्काल उपचार के लिए चंबा स्थित प्राथमिक चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस ने आरोपित ड्राइवर को किया गिरफ्तार

घटना के संबंध में चंबा थाना अध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि मृतक दरोगा के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। चंबा पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में संघन चेकिंग और सर्च अभियान चलाया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटना में शामिल अज्ञात कार और उसके चालक को खोज निकालकर गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के सही कारणों और परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.