
रुड़की क्षेत्र के ढंढेरा में बीती देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रथमदृष्टया मृतक की हत्या की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रेम प्रसंग बताई जा रही मौत की वजह
मामले को लेकर एसपी देहात ने बताया कि पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात युवकों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन गोली लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई है। एसपी देहात के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है।
अमन की रैकी की बात आई सामने: SP
पुलिस जांच में मृतक अमन के एक युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। इसी को लेकर दूसरे पक्ष का युवक अमन से खुन्नस रखता था और उस पर लगातार नजर रख रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि संदिग्ध युवक पिछले दो-तीन दिनों से अमन की रैकी कर रहा था। उसके पास हथियार होने की पुष्टि भी हुई है।
4 लोगों की भूमिका आई सामने
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। एसपी देहात ने बताया कि घटना के समय अमन के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था जो फायरिंग में घायल हुआ है। घायल युवक फिलहाल खतरे से बाहर है और उससे भी घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में चार लोगों की भूमिका प्रकाश में आई है।
आरोपियों की धरपकड़ तेज
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








