देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र के चोरखाला में एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

देहरादून में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला व्यक्ति का शव

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना बसंत विहार को चोरखाला क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान सलीम अहमद पुत्र स्वर्गीय इदरीस अहमद निवासी चोरखाला के रूप में हुई है।

अत्यधिक शराब का सेवन करता था सलीम

जांच में पता चला कि सलीम पेंटर का काम करता था और वर्तमान में अपनी बहन के मकान में अकेले रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के साथ पेंटिंग का काम करने वाले लोगों ने बताया कि वह अत्यधिक शराब का सेवन करता था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में गिरने के कारण आई चोटों से उसकी मौत हुई हो सकती है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक जानकारी और साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.