उत्तरकाशी के विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के अवसर पर आज दोपहर 12:05 बजे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं के साथ अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई।
शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट
मां गंगा का रात्रि विश्राम आज मारकंडे देवी मंदिर में होगा और कल भैया दूज के पावन पर्व पर मां गंगा की उत्सव डोली हजारों श्रद्धालुओं के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा पहुंचेगी। मां गंगा के स्वागत की तैयारियों में मुखबा गांव के ग्रामीण जोर-शोर से जुटे हुए हैं। वहीं आगामी 6 माह तक श्रद्धालु मुखबा में स्थित शीतकालीन मंदिर में मां गंगा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम के दर्शन
बता दें इस साल कपाट खुलने से लेकर अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम के दर्शन किए हैं। कपाट बंद होने पर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा गंगोत्री मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने इस वर्ष की अच्छी यात्रा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस प्रशासन सहित यात्रा संचालन में लगे लोगों का आभार जताया है ।
मुखबा में मां गंगा के दर्शन करने की अपील
सुरेश सेमवाल ने कहा है कि प्रशासन के सहयोग से इस साल की यात्रा रिकॉर्ड तोड़ रही है और 10 लाख से भी ज्यादा श्रद्धालुओं ने बिना व्यवधान के गंगोत्री धाम के दर्शन किए। अब आज से ग्रीष्मकालीन यात्रा समाप्ति की ओर है। कपाट बंद होने का सिलसिला शुरू हो गया है। सेमवाल ने कहा कि मैं देश-विदेश के श्रद्धालुओं से अपील करता हूं कि शीतकालीन यात्रा पर मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा में अवश्य पधारें, क्योंकि गंगोत्री धाम से दुगना लाभ मुखबा में दर्शन करने से होता है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








