देहरादून में रिश्ते शर्मसार: पिता से हुआ विवाद, बेटे ने चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट

राजधानी देहरादून में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड स्थित चलांग-कुल्हान की है। पुलिस ने मौके से आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

उपचार के दौरान तोड़ा दम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से थाना राजपुर पुलिस को सूचना मिली कि चलांग-कुल्हान निवासी एक व्यक्ति ने अपने पिता को चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पारिवारिक विवाद के चलते पिता को उतारा मौत के घाट

प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मदन राणा के 35 वर्षीय बेटे नितिन का किसी बात को लेकर अपने पिता से पारिवारिक विवाद हो गया था। इसी विवाद के दौरान नितिन ने अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस टीम ने आरोपी नितिन राणा को मौके से हिरासत में ले लिया है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.