उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के बैंक खाते को जालसाजों ने निशाना बनाया है। इन जालसाजों ने फर्जी हस्ताक्षर और चेकों के जरिए 68.39 लाख रुपये निकाल लिए। 14 बार में ये पूरी रकम दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली गई।
इतना ही नहीं इसी तरीके से 24.43 लाख रुपए और निकालने की कोशिश की गई। लेकिन बैंक की सतर्कता से ये रकम बच गई। इस मामले में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक की शिकायत पर देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।
14 फर्जी चेक लगाकर खाते से 68,39,500 रुपए निकाले
दरअसल हाथीबड़कला स्थित पीएनबी की सर्वे ऑफ इंडिया शाखा के प्रबंधक मनीष शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि उपनल का चालू खाता उनकी शाखा में संचालित है। 18 जून को बैंक को उपनल ने सूचना दी की 17 जून को क्लियरिंग के माध्यम से 14 अलग-अलग चेक लगाकर खाते से 68,39,500 रुपए निकाल लिए गए हैं।
अलग-अलग बैंकों के खातों में भेजी गई रकम
उपनल अधिकारियों ने साफ किया कि ये चेक उनकी तरफ से नहीं जारी किए गए थे। जिसके बाद बैंक जांच में पता चला कि फर्जी चेकों के जरिए ये रकम अलग-अलग बैंकों के खातों में भेजी गई। जिसमें केनरा बैंक में एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ बड़ौदा में सुप्रियो मुखर्जी, बैंक ऑफ इंडिया में सुभजीत मंडल और एसबीआई में सौरव विश्वास के खाते शामिल हैं।
24.43 लाख के पांच और चेक लगाने का था इरादा
इसी तरीके से 18 जून को जालसाजों का पांच और फर्जी चेक क्लियरिंग के लिए लगाकर 24,43,700 रुपए निकालने की तैयारी थी। लेकिन उपनल की शिकायत के बाद बैंक ने सतर्कता बरती। जिसके बाद इस चेकों का भुगतान रोक दिया गया।
16.54 लाख रुपये खाते में फ्रीज
इसके बाद तुरंत ही पीएनबी ने संबंधित बैंकों को संदिग्ध खातों को फ्रीज और रकम रोकने का अनुरोध किया। केनरा बैंक ने एमएस एग्रो एंटरप्राइजेज का खाता फ्रीज कर दिया। जिसमें जमा 16,54,581 रुपयों को होल्ड कर दिया गया। बाकी रकम की रिकवरी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








