उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से प्रदेश में 65 पार का लक्ष्य दिए जाने के बाद अब सरकार और संगठन इसी लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। संगठन ने मौजूदा विधायकों के कामकाज का आकलन शुरू कर दिया है।
चुनाव के लिए रिपोर्ट कार्ड के आधार पर टिकट होगा फाइनल
जिसमें विधायकों के कार्यकाल में हुए विकास कार्य, क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता, जनता के बीच उनकी पकड़ और दोबारा जीतने की संभावनाओं को परखा जा रहा है। संगठन इस पूरे आकलन के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगा। ऐसे में साफ है कि आगामी चुनाव में मौजूदा विधायकों के टिकट का फैसला उनके प्रदर्शन और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता के आधार पर हो सकता है।
पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना
ऐसे मे पार्टी का फोकस अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का आकलन करने पर है। इसी कड़ी में मौजूदा विधायकों के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। विधायकों के कार्यकाल में क्षेत्र में हुए विकास कार्य, स्थानीय समस्याओं के समाधान, जनता के बीच उनकी सक्रियता और लोकप्रियता को रिपोर्ट कार्ड का आधार बनाया जा रहा है।
विधायक के क्षेत्र में पार्टी की स्थिति को भी देखा जाएगा
इसके साथ ही ये भी देखा जाएगा कि संबंधित विधायक के क्षेत्र में पार्टी की स्थिति क्या है? और आगामी चुनाव में उनकी जीत की कितनी संभावनाएं हैं। संगठन अपने स्तर पर यह रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगा। इसके बाद सरकार और संगठन के फीडबैक के आधार पर टिकट को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
यानी 65 पार के लक्ष्य के बीच भाजपा में मौजूदा विधायकों के टिकट पर भी परफॉर्मेंस की कसौटी लागू होने जा रही है। ऐसे में कई विधायकों की सियासी राह उनके रिपोर्ट कार्ड से तय होना लगभग तय माना जा रहा है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








