चौबट्टाखाल में कांग्रेस को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। युवा कांग्रेस, NSUI, क्षेत्र पंचायत और बूथ स्तर तक के अनेक पदाधिकारियों ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता ने थामा भाजपा का दामन
सोमवार को बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी के नए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उन्हें बीजेपी का पट्टा पहनाया। उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में, और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास से प्रेरित होकर बीजेपी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी के हर कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलेगा और संगठन को और मजबूत बनाने में उनका योगदान बहुत महत्वपूर्ण होगा।
सतपाल महाराज के कार्यों की सरहाना
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए इन नेताओं ने चौबट्टाखाल विधायक और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के नेतृत्व पर अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि महाराज ही असंभव कार्यों को संभव बनाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में जिस प्रकार अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिली है, उससे प्रभावित होकर उन्होंने महाराज के साथ चलने और क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने का निर्णय लिया है।
महाराज के संपर्क में क्षेत्र के बड़े नेता
वहीं, चौबट्टाखाल के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस के कई अन्य कार्यकर्ता और कुछ प्रमुख नेता भी सतपाल महाराज के संपर्क में हैं। आने वाले दिनों में कुछ और राजनीतिक चेहरे भाजपा का रुख कर सकते हैं। चौबट्टाखाल में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और कांग्रेस के स्थानीय संगठन में सामने आ रहे इस घटनाक्रम ने क्षेत्र की राजनीति को नई चर्चा दे दी है। आगामी दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








