यूपी-उत्तराखंड के बीच बरसों पुराने परिसंपत्ति विवाद पर लगेगी लगाम! लखनऊ में योगी से मिले सीएम धामी

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड भले ही अलग-अलग राज्य बन गए हों, लेकिन दोनों के बीच जमीन, नहरों और सरकारी संपत्तियों के बंटवारे का पेंच आज भी कई जगह फंसा हुआ है। इसी पुराने और उलझे हुए मुद्दे को सुलझाने के लिए बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खास मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत का मुख्य मकसद सिंचाई विभाग समेत तमाम दूसरे विभागों की उन संपत्तियों का निपटारा करना था, जिन पर लंबे समय से विवाद या असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

पुराने पुलों और बैराजों की मरम्मत की बात उठी

इस मुलाकात में सीएम धामी ने सबसे ज्यादा जोर उन जमीनी समस्याओं पर दिया, जिनसे आम जनता और किसानों को रोजाना दो-चार होना पड़ता है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के सामने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की खस्ताहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही, उन्होंने सिंचाई विभाग के तहत आने वाले पुराने और जर्जर हो चुके पुलों—खासकर झनकैया पुल और सूखा पुल की तुरंत मरम्मत, उन्हें मजबूत बनाने और जरूरत पड़ने पर नए सिरे से निर्माण कराने की मांग उठाई। सीएम धामी का साफ कहना था कि ये बैराज, नहरें और पुल सिर्फ सरकारी कागजों का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि लाखों स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आसान आवाजाही और किसानों की खेती की लाइफलाइन हैं। अगर इनकी समय पर मरम्मत हो जाती है, तो इसका सीधा फायदा सीमावर्ती इलाकों के आम नागरिकों और अन्नदाताओं को मिलेगा।

दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल की वकालत

सीएम ने दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने की वकालत की, ताकि फाइलों का काम तेजी से जमीन पर उतर सके। सिंचाई विभाग के अलावा, बैठक में अन्य विभागों की संपत्तियों के बंटवारे और उनके ट्रांसफर को लेकर भी गंभीर मंथन हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने इस बात की समीक्षा की कि पिछली बैठकों में जिन मुद्दों पर सहमति बनी थी, उन पर अब तक कितना काम आगे बढ़ा है। तय हुआ कि जो भी मामले अभी भी पेंडिंग हैं, उन्हें एक तय समयसीमा के भीतर सुलझा लिया जाए, ताकि जनता से जुड़े विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए।

बचे हुए मामले भी जल्द ही आपसी सहमति से हल हो जाएंगेः धामी

बातचीत के दौरान सीएम धामी ने इस बात पर खुशी जताई कि दोनों राज्यों के बीच सकारात्मक बातचीत और आपसी तालमेल से अब तक कई बड़े और पुराने विवाद सुलझ चुके हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जिस तरह से दोनों सरकारें मिलकर काम कर रही हैं, उससे बचे हुए मामले भी जल्द ही आपसी सहमति से हल हो जाएंगे।

मुलाकात के आखिर में मुख्यमंत्री धामी ने यूपी सरकार के सहयोग के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का दिल से आभार जताया और कहा कि जनहित के मुद्दों पर दोनों राज्यों का यह तालमेल आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। इस अहम बैठक के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.