पूजा के बहाने घर बुलाया, नशीला प्रसाद देकर बनाए वीडियो! फिर शुरू हुई करोड़ों की वसूली

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की कथित वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक स्टोन क्रशर कारोबारी ने महिला समेत सात लोगों पर सुनियोजित साजिश के तहत उसे हनीट्रैप में फंसाकर करीब सात करोड़ वसूलने का आरोप लगाया है।

हल्द्वानी में हनीट्रैप और करोड़ों की वसूली का आरोप

कारोबारी के मुताबिक, आरोपियों ने निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने के साथ ही दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर करीब पांच करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से लिए। इसके अलावा करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट भी अपने और करीबियों के नाम करा लिए। इतना ही नहीं, एक कार और स्कूटी लेने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है। कारोबारी की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने ज्योति, मोहम्मद मुश्ताक समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2015 में हुई थी महिला से कारोबारी की जान-पहचान

कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2015 में ज्योति सिंह एक व्यक्ति के साथ उनके स्टोन क्रशर पर पहुंची थी। महिला ने मुकदमा चलने और आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए मदद मांगी थी। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ने लगी। कारोबारी का आरोप है कि एक दिन महिला ने उन्हें घर पर पूजा के बहाने बुलाया। वहां प्रसाद में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया गया। इसके बाद धोखे से उनकी निजी फोटो और वीडियो बना ली गईं। कारोबारी के अनुसार, बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हुआ।

बदनामी के डर से दिए 45 लाख

शिकायत के मुताबिक, निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी से कारोबारी इस कदर डर गए कि उन्होंने वर्ष 2016 में 45 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद वर्ष 2022 तक दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं रहा। लेकिन कारोबारी का आरोप है कि वर्ष 2022 में ज्योति ने दोबारा उनसे संपर्क किया और बताया कि उसकी एक बेटी है। इसके बाद कथित तौर पर पैसों और संपत्ति की मांग शुरू हो गई। महिला ने मोहम्मद मुश्ताक और अन्य साथियों के साथ मिलकर कारोबारी पर दबाव बनाया।

चार प्लॉट कराए अपने और करीबियों के नाम

कारोबारी ने आरोप लगाया है कि ब्लैकमेलिंग के जरिए हल्द्वानी में चार प्लॉट अपने, अपनी बेटी और एक साथी के नाम करा लिए गए। इनकी बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि प्लॉटों की रजिस्ट्री में लेनदेन को वैध दिखाने के लिए चेक और आरटीजीएस का सहारा लिया जाता था। पहले कारोबारी से नकद रकम ली जाती थी। इसके बाद रजिस्ट्री के दौरान चेक से भुगतान दिखाकर वही रकम आरटीजीएस के माध्यम से उनके खाते में वापस भेज दी जाती थी और फिर उनसे दोबारा नकद पैसे ले लिए जाते थे। कारोबारी का दावा है कि इस कथित तरीके से करीब पांच करोड़ रुपये की वसूली की गई।

दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने और फोटो वायरल करने की धमकी

शिकायत में कारोबारी ने आरोप लगाया है कि महिला लगातार निजी फोटो-वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती रही। कभी मकान खरीदने तो कभी दूसरी जरूरतों का हवाला देकर रकम मांगी जाती थी। कारोबारी ने 30 प्रतिशत प्रतिदिन ब्याज की मांग किए जाने का आरोप भी लगाया है। आरके टेंट हाउस रोड पर मकान खरीदने के नाम पर 30 लाख रुपये और हीरा नगर में मकान खरीदने के नाम पर 60 लाख रुपये लेने की बात भी शिकायत में कही गई है।

छोटे भाई के घर पहुंचकर फिर मांगे रुपये

कारोबारी के मुताबिक, पांच नवंबर को ज्योति काठगोदाम के हाईडिल गेट स्थित उनके छोटे भाई के घर पहुंची और रुपयों की मांग करने लगी। कारोबारी ने पैसे नहीं होने और तबीयत खराब होने की बात कही तो कथित तौर पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि महिला ने अपने साथियों को बुलाकर हत्या कराने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से संपर्क किया और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की। शिकायतकर्ता ने महिला पर पूर्व में भी ब्लैकमेलिंग के मामले में जेल जाने का आरोप लगाया है, हालांकि इस पुराने मामले की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की रात मिली शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब चारों प्लॉटों के दस्तावेज, रजिस्ट्री और नकदी के साथ ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मामला विवेचनाधीन है। कारोबारी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की कथित वसूली के पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.