CM धामी ने 5 जिलों के विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 17.75 करोड़, जानें किसे क्या मिला

उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जनपदों के विधानसभा क्षेत्रों में सीएम घोषणाओं के तहत 17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से प्रदेश में सड़क निर्माण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण, पेयजल सुविधा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

टिहरी को सीएम धामी की सौगात

टिहरी के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्षों और शौचालयों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.26 लाख जारी करने की मंजूरी दी गई है।

वहीं, देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड की ग्राम सभा बड़ोला के उरमण तोक में बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 36.19 लाख और डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 39.94 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

पिथौरागढ़ में कई विकास कार्यों को दी CM ने मंजूरी

पिथौरागढ़ में भी कई विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए 79.49 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के तौर पर 47.69 लाख जारी करने की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग के निर्माण के लिए 29.84 लाख मंजूर किए गए हैं। वहीं, डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत पहली किस्त में 56.18 लाख दिए जाएंगे।

दूधाधारी भगवती मेला स्थल का होगा सौंदर्यीकरण

चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 81.96 लाख रुपये के सापेक्ष 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। यहां 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 614 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष में पांच करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

हरिद्वार के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप को दी मंजूरी

हरिद्वार के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.66 लाख जारी किए जाएंगे। वहीं, भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 100.43 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए 184.37 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित अन्य विकास कार्यों के लिए 220 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.