पंतनगर-काठमांडू सीधी विमान सेवा शुरू करना हमारा सपनाः सतपाल महाराज

भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते को अब पर्यटन की नई उड़ान मिलने जा रही है। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि पंतनगर से काठमांडू और देहरादून से काठमांडू के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करना उनका सपना है, जिससे दोनों देशों के लोगों और पर्यटकों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। गुरुवार को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से “नेपाल कॉलिंग: एक तराई, दो राष्ट्र” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए सतपाल महाराज ने दोनों देशों की साझा संस्कृति और पर्यटन की अपार संभावनाओं पर खुलकर बात रखी। उन्होंने कहा कि जनकपुर, लुम्बिनी और पशुपतिनाथ हमारी साझा विरासत हैं। उत्तराखंड और नेपाल का नाता तो और भी खास है, क्योंकि केदारनाथ में भगवान शिव की पीठ की पूजा होती है, तो उनका शीश नेपाल के डोलेश्वर महादेव में विराजमान है। इस तरह बाबा केदार की यात्रा नेपाल के बिना अधूरी है।

‘एक तराई, दो राष्ट्र’ से बढ़ेगा रोजगार

महाराज ने कहा कि महाकाली नदी के दोनों ओर बसे उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत के इलाकों की प्रकृति, जंगल और थारू संस्कृति नेपाल के कंचनपुर और कैलाली जिलों से बिल्कुल मिलती-जुलती है। अगर इस पूरे क्षेत्र को एक साझा पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाए, तो पर्यटक यहां ज्यादा दिन रुकेंगे और दोनों देशों के स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि नेपाल के चितवन नेशनल पार्क की तर्ज पर खटीमा में भी ‘थारू हेरिटेज होमस्टे’ बनाए जाएं। इसके अलावा, कॉर्बेट, नन्धौर और नेपाल के शुक्लाफांटा नेशनल पार्क को जोड़कर एक ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’ बनाया जाना चाहिए, जहां पर्यटक बाघों के साथ-साथ एशिया के सबसे बड़े बारहसिंगा झुंड भी देख सकें।

पूर्णागिरि से सिद्ध बाबा तक बनेगा आसान रास्ता

धार्मिक पर्यटन पर जोर देते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि टनकपुर में मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद श्रद्धालु नेपाल स्थित सिद्ध बाबा के मंदिर जरूर जाते हैं। ऐसे में दोनों देशों को मिलकर ‘पूर्णागिरि-सिद्ध बाबा यात्रा’ शुरू करनी चाहिए। इसके लिए बनबसा बॉर्डर पर आवाजाही आसान करने, साझा शटल बसें चलाने और सूचना केंद्र खोलने की जरूरत है। उन्होंने यह भी मांग रखी कि पंचेश्वर बांध परियोजना की डीपीआर (DPR) में टिहरी झील की तरह शुरुआत से ही वॉटर स्पोर्ट्स और पर्यटन को शामिल किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों की कमाई का जरिया बन सके।

हवाई और सड़क संपर्क पर जोर

संबोधन के दौरान महाराज ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। उन्होंने नेपाल के पर्यटन मंत्री खड्क राज पौडेल से आग्रह किया कि वे पंतनगर और देहरादून से काठमांडू की सीधी फ्लाइट शुरू करने में पहल करें। साथ ही, टनकपुर-महेन्द्रनगर लिंक रोड का काम जल्द शुरू करने और दोनों देशों के बीच साइकिल रैली व बर्ड फेस्टिवल जैसे साझा कार्यक्रम आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से भी अनुरोध किया कि तराई-महाकाली सर्किट को केंद्र की ‘स्वदेश दर्शन 2.0’ और ‘प्रसाद योजना’ में प्राथमिकता दी जाए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, नेपाल के पर्यटन मंत्री खड्क राज पौडेल ‘गणेश’, नेपाल के राजदूत और दोनों देशों के पर्यटन कारोबार से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.