भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स (DLMTs) की क्षमता निर्माण एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुद्धोवाला, देहरादून में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में Electoral Roll – Preparation and Revision) और Voting and Counting विषयों के अंतर्गत सभी जनपदों के मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की तैयारी!
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के दौरान उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मास्टर ट्रेनर्स को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें अपने-अपने जनपदों में आगे अन्य निर्वाचन कार्मिकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण देने के लिए तैयार करना है।
देहरादून में 3 दिन तक मास्टर ट्रेनर्स को ट्रेनिंग
16 से 18 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण पद्धति (Pedagogy in Practice), पाठ योजनाओं, प्रस्तुतियों, हैंडआउट्स, केस स्टडी एवं प्रश्न बैंक के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
Voting and Counting एवं Electoral Roll – Preparation and Revision विषय के अंतर्गत डाक मतपत्र (Postal Ballot), ईवीएम-वीवीपैट (EVM-VVPAT), मतगणना एवं परिणामों की घोषणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही ईवीएम के संचालन एवं उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास, मतगणना हॉल का प्रबंधन तथा मतगणना के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों के समाधान पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।
अंतिम दिवस पर मानकों के आधार पर मूल्यांकन
Electoral Roll – Preparation and Revision थीम के अंतर्गत जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को निर्वाचक नामावली की तैयारी, अद्यतन एवं पुनरीक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है।
ट्रेनिंग में प्रशिक्षण कौशल, वयस्क शिक्षण पद्धति, प्रभावी संवाद, प्रतिभागियों की सहभागिता बढ़ाने तथा गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पर प्रतिभागियों का निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इसके अंतर्गत प्रतिभागियों ने उन्हें आवंटित विषयों पर प्रस्तुतियां दी।, जिनका मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया गया।
प्रतिभागियों को दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों, राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर्स (NLMTs) एवं राज्य स्तर के मास्टर्स ट्रेनर्स (SLMTs) द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स आगे अपने-अपने जनपदों में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में एकरूपता, पारदर्शिता, दक्षता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.








