घर के मालिक जेल में क्या पहुंचे, चोरों ने तो घर को ही अपना समझ लिया। जी हां, रूड़की के भगवानपुर से ऐसा ही एक अजीबो-गरीब मामला सामने आ रहा है। यहां घर के मालिक जेल में बंद थे तो चोरों ने इस मौके को ही खुला निमंत्रण समझ लिया।
चोरों ने मकान का ताला तोड़ा, सोने-चांदी के आभूषण और बच्चों की गुल्लक आदि लाखों का माल लेकर फरार हो गए। यहां तक की उन्होंने आंगन में पड़ी बाइक को भी नहीं छोड़ा। ये पूरी वारदात पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ितों के रिश्तेदारों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जेल में बंद था परिवार, चोरों ने साफ कर दिया मकान
दरअसल मिली जानकारी के अनुसार, यहां प्रताप कॉलोनी के रहने वाले अनिल शर्मा और उनके दो बेटे बीते महीने हत्या के एक मामले में जेल में बंद थे। तब उनके घर पर ताला लटका था। इसी का फायदा उठाते हुए रविवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गया।
लाखों का सामान चोरी
चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी में पड़ा सामान साफ कर दिया। जिसमें सोने की एक चेन, एक अंगूठी, चांदी के सिक्के, चांदी की शाव और घर में रखी गुल्लक शामिल है। जाते समय चोरों ने आंगन में खड़ मोटरसाइकिल को भी नहीं छोड़ा।सुबह मोहल्ले के लोगों ने मकान का ताला टूटा देखा, तो उन्होंने इसकी सूचना परिवार के रिश्तेदारों को दी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। रात करीब 3:30 बजे चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद मिली ।
Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.









